*मैं अनिकेत हूं’ का 15 मई को महाराष्ट्र मंडल में मंचन*
2026-05-14 06:16 PM
124
0- शशि वरवंडकर निर्देशित इस हिंदी नाटक का रायपुर में तीसरी और अब तक छठवीं बार होगा प्रयोग
रायपुर। शशि वरवंडकर निर्देशित महाराष्ट्र मंडल के सुपरहिट नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का रायपुर में एक बार फिर शुक्रवार, 15 मई को शाम 6:30 बजे मंचन किया जाएगा। स्व. अशोक चंद्राकर स्मृति रंग संस्कार महोत्सव का शुभारंभ ही हिंदी नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ से होने जा रहा है। यहां मंचन के अगले ही दिन शनिवार, 16 मई को ‘मैं अनिकेत हूं’ का नाट्य प्रयोग राउरकेला में किया जाएगा।
महाराष्ट्र मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर स्मृति रंगमंच पर मंचित होने वाला यह नाटक एक बार रायपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। रायपुर में तीसरी बार मंचित होने वाले नाटक ‘मैं नाटक हूं’ को लेकर रंगप्रेमी दर्शकों की जितनी अपेक्षाएं हैं, उतने ही दबाव में इस नाटक के कलाकार भी हैं। पांच बार ‘मैं अनिकेत...’ का प्रयोग होने के बावजूद इसके कलाकार हफ्ते भर से इसकी रिहर्सल कर रहे हैं। नाटक में अनिकेत की केंद्रीय भूमिका निर्देशक शशि वरवंडकर स्वयं साकार करेंगे। इसी तरह चेतन गोविंद दंडवते, दिलीप लांबे, प्रकाश खांडेकर, रंजन मोड़क, डॉ. अनुराधा दुबे, रविंद्र ठेंगड़ी, डॉ. प्रीता लाल, डॉ. अभया जोगलेकर, डॉ. शुचिता देशपांडे, भारती पलोसकर, विनोद राखुंडे, पंकज सराफ, समीर टल्लू और श्याम सुंदर खंगन भी अहम भूमिकाओं में हैं। नेपथ्य में अजय पोतदार, प्रवीण क्षीरसागर, प्रकाश गुरव सक्रिय होंगे।