रायपुर

रायपुर के राजीव लोचन श्रीवास्तव स्टील एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य नियुक्त

 रायपुर। केंद्र सरकार ने राजधानी निवासी और शाश्वत हिंदू जागृति के राष्ट्रीय संयोजक राजीव लोचन श्रीवास्तव को केंद्रीय लौह एवं इस्पात मंत्रालय के अंतर्गत संचालित “स्टील उपभोक्ता फोरम” के स्टील एडवाइजरी बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया है। साथ ही उन्हें “आयरन एंड स्टील असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड” का राष्ट्रीय निर्देशक भी नियुक्त किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और वे आगामी तीन वर्षों तक इस पद पर अपनी सेवाएं देंगे। उद्योग और नीति निर्धारण से जुड़े जानकार इस नियुक्ति को स्टील सेक्टर में विशेषज्ञता और औद्योगिक अनुभव को महत्व दिए जाने के रूप में देख रहे हैं।
 
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” विजन के तहत ग्रीन एनर्जी और ग्रीन स्टील को बढ़ावा देने की दिशा में यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है। आने वाले समय में स्टील उद्योग में पर्यावरणीय मानकों, ऊर्जा दक्षता और नई औद्योगिक नीतियों पर विशेष फोकस रहने की संभावना है।
 
राजीव लोचन श्रीवास्तव लंबे समय से खनन, औद्योगिक परामर्श और परियोजना प्रबंधन के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं। उन्होंने देश और विदेश में कई औद्योगिक एवं खनन परियोजनाओं में सलाहकार के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उद्योग जगत में उनकी पहचान एक रणनीतिक और तकनीकी समझ रखने वाले विशेषज्ञ के रूप में की जाती है। उनकी नियुक्ति के बाद रायपुर सहित प्रदेश के औद्योगिक और सामाजिक क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। समर्थकों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय बताया है।