छत्तीसगढ़ में गरमी हुई जानलेवा, कहीं गरमी से गिर रहे पक्षी, तो कहीं हो रही चमगादड़ों की मौत, इस बार रिकॉर्ड तोड़ गरमी
2026-05-25 09:30 AM
36
रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। तापमान लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है और इसका असर अब इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड में अत्यधिक गर्मी और लू के कारण करीब 200 चमगादड़ों की मौत हो गई। बड़ी संख्या में चमगादड़ों के पेड़ों से गिरकर मरने की घटना ने वन विभाग और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार पाली विकासखंड के नौकोनिया तालाब के आसपास शनिवार को अचानक सैकड़ों चमगादड़ पेड़ों से नीचे गिरने लगे। स्थानीय लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में चमगादड़ों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।
पाली वन परिक्षेत्र के रेंजर योगेश्वर बंजारे ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और तेज गर्म हवाओं के कारण यह स्थिति बनी है। शुरुआती जांच में चमगादड़ों की मौत का कारण हीटस्ट्रोक माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस इलाके में तापमान लगातार 42 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे वन्यजीव भी प्रभावित हो रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी और जल स्रोतों के सूखने से पक्षियों और अन्य जीवों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। चमगादड़ आमतौर पर दिन के समय पेड़ों पर लटके रहते हैं, लेकिन तेज गर्मी और गर्म हवाओं के कारण वे खुद को सुरक्षित नहीं रख पाए।
इधर मौसम विभाग ने भी प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत 18 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही तेज गर्म हवाएं चलने की संभावना है।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के मध्य हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गर्मी का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, कोरबा, जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद और बालोद जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।