रायपुर नगर निगम में 30 जून तक प्रापर्टी टैक्स जमा करने पर मिलेगी 6.25% की छूट, आज से ऑनलाइन शुरू
रायपुर। नगर निगम रायपुर में 30 जून तक संपत्ति कर जमा करने पर 6.25 प्रतिशत छूट देने का फैसला लिया गया है। नगर निगम राजस्व विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जीआईएस आधारित ऑनलाइन संपत्ति कर प्रणाली को पुनः प्रारंभ किया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब शहर के संपत्तिधारक संपत्ति कर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। साथ ही, बकाएदार भी अपने लंबित संपत्ति कर एवं संबंधित देयों का समय पर भुगतान अधिक सुगम, पारदर्शी एवं सुविधाजनक ऑनलाइन भुगतान घर बैठे कर सकते हैं। बता दें कि इस वित्तीय वर्ष के लिए निगम प्रशासन ने 400 करोड़ राजस्व अर्जित करने का टारगेट तय किया है, लेकिन पिछले साल का टारगेट पूरा नहीं कर पाया है।