दियागांव जलाशय के जीर्णाेद्धार और नहर लाइनिंग के लिए 4.96 करोड़ रूपए स्वीकृत
2026-06-19 03:45 PM
17
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है। शासन के जल संसाधन विभाग द्वारा कांकेर जिले के विकासखंड दुर्गकोंदल के अंतर्गत दियागांव जलाशय के जीर्णाेद्धार एवं नहर लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 96 लाख 58 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना के पूर्ण होते ही क्षेत्र के कुल 178 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सुनिश्चित सिंचाई सुविधा मिलने लगेगी, जिससे स्थानीय किसानों की फसलों की पैदावार में बढ़ोतरी होगी।
किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
दियागांव जलाशय के जीर्णाेद्धार और नहर लाइनिंग के इस महत्वाकांक्षी कार्यों के पूरे होने से क्षेत्र के कृषि परिदृश्य में बड़ा बदलाव आएगा। जलाशय के जीर्णाेद्धार और नहरों के सुधारीकरण (लाइनिंग) से पानी की बर्बादी रुकेगी और अंतिम छोर के खेतों तक पानी पहुंच सकेगा।
जगदलपुर मुख्य अभियंता को जिम्मेदारी
योजना के क्रियान्वयन को गति देने के लिए जल संसाधन विभाग द्वारा मुख्य अभियंता, गोदावरी कछार जल संसाधन विभाग, जगदलपुर को इस कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी गई है। विभाग ने तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ इस निर्माण कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।