रायपुर। नया रायपुर के ग्राम नकटी में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होने से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने अतिक्रमण से प्रभावित 65 पात्र परिवारों को बेघर होने से बचाने के लिए नया रायपुर अटल नगर के सेक्टर-30 स्थित सर्वसुविधायुक्त ईडब्ल्यूएस (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) आवासों में बसाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सरकार का कहना है कि उसकी प्राथमिकता केवल शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों का सम्मानजनक और स्थायी पुनर्वास सुनिश्चित करना भी है। इसी उद्देश्य से परिवारों को पक्के मकानों के साथ बिजली, पेयजल, सड़क, सीवर, सामुदायिक भवन, सार्वजनिक उद्यान और अन्य आवश्यक शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिला प्रशासन ने ग्राम नकटी की शासकीय भूमि पर निवासरत 65 पात्र परिवारों की सूची छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल को सौंप दी थी। इसके आधार पर 29 जून 2026 को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सेक्टर-30 में निर्मित रिक्त ईडब्ल्यूएस आवासों का अस्थायी आवंटन कर दिया गया।
प्रशासन ने केवल आवास आवंटित करने तक ही प्रक्रिया सीमित नहीं रखी, बल्कि मकानों को रहने योग्य बनाने के लिए भी तेजी से काम किया। सभी आवासों में ट्यूबलाइट, पंखे और आवश्यक विद्युत व्यवस्था पूरी कर दी गई है, ताकि परिवार बिना किसी कठिनाई के नए घरों में रह सकें। ग्राम नकटी की शासकीय भूमि पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल लगभग 38 एकड़ क्षेत्र में नई योजना विकसित करेगा। इनमें से करीब 12 एकड़ भूमि विशेष योजना के लिए उपयोग में लाई जाएगी, जबकि शेष 26 एकड़ भूमि पर मंडल की स्ववित्तीय सामान्य आवास योजना विकसित की जाएगी। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में सुनियोजित शहरी विकास को गति मिलेगी और सरकारी भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
पुनर्वास की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो, इसके लिए मुख्यालय के अपर आयुक्त की अध्यक्षता में आठ सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में उप आयुक्त, कार्यपालन अभियंता, संपदा अधिकारी और सहायक अभियंताओं सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं। यह समिति सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक पात्र परिवार को निर्धारित आवास मिले और पुनर्वास प्रक्रिया बिना किसी अव्यवस्था तथा पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरी हो।सेक्टर-30 में कुल 1376 ईडब्ल्यूएस (जी+3) आवास निर्मित हैं। इनमें से चौथी मंजिल पर उपलब्ध 109 रिक्त आवासों को पुनर्वास के लिए चिन्हित किया गया है। प्रत्येक आवास का क्षेत्रफल 31.45 वर्गमीटर (338.40 वर्गफीट) है।
आवासीय परिसर में पक्की कंक्रीट सड़कें, वॉकिंग ट्रैक, सार्वजनिक उद्यान, सामुदायिक भवन, यूटिलिटी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सीवर नेटवर्क और नियमित पेयजल आपूर्ति जैसी सभी आवश्यक शहरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
नकटी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच सरकार ने पुनर्वास को प्राथमिकता देकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि विकास परियोजनाओं के साथ प्रभावित परिवारों के हितों और सम्मान का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। सरकार का दावा है कि आवास आवंटन से लेकर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तक प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी पात्र परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।