तीजन बाई का निधन, मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धांजलि अर्पित की
2026-07-05 08:10 AM
98
रायपुर: छत्तीसगढ़ के लोककला जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंडवानी विधा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली महान और विख्यात गायिका तीजन बाई का निधन हो गया है। उन्होंने 70 वर्ष की उम्र में रायपुर के AIIMS में अपनी अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पूरे प्रदेश और कला जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।इतिहास पंडवानी गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री साय ने कहा, "तीजन बाई का निधन हो गया है, जो पद्म विभूषण और पद्मश्री से नवाजी गई थीं। उन्होंने पूरे देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया था। हम उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं..."
मिली जानकारी के अनुसार, तीजन बाई पिछले काफी समय से अस्वस्थ थीं और रायपुर एम्स के आईसीयू (ICU) में पिछले 38 दिनों से उनका इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी सेहत में सुधार नहीं हो सका और आज सुबह तड़के साढ़े 3 बजे एम्स के आईसीयू में उन्होंने दम तोड़ दिया। तीजन बाई ने न केवल छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पंडवानी कला को जीवित रखा, बल्कि इसे देश-विदेश के बड़े मंचों तक पहुंचाकर एक ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। कला के क्षेत्र में उनके इसी अभूतपूर्व योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित किया था।