रायपुर

भारी बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव, गुढ़ियारी अंडरब्रिज का नजारा...

रायपुर: राजधानी रायपुर में शनिवार दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश रविवार सुबह तक लगातार जारी रही। तेज बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। निचली बस्तियों और कॉलोनियों की सड़कें पानी से लबालब भर गईं। नालों का गंदा पानी कई घरों में घुस गया। इससे घरों में रखा सामान भी पानी में डूब गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 

टाटीबंध,लाखेनगर, अश्वनी नगर, कुशालपुर, तुलसी नगर, बंजारी नगर, प्रोफेसर कॉलोनी सहित शहर के कई मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। घरों के भीतर पलंग तक पानी डूबे हुए हैं। लोगों ने रतजगा कर पानी फेंकने का काम किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान इन इलाकों में जलभराव होना अब आम बात बन गई है। नालियों और नालों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण हर साल ऐसी स्थिति बनी रहती है। लोगों ने बताया कि करीब एक माह पहले ही नाले की सफाई और चौड़ीकरण का कार्य किया गया था, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।