रायपुर

राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की भागवत कथा 8 जुलाई से

रायपुर। अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन और विश्व शांति सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में बूढ़ापारा स्थित बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 8 जुलाई से 14 जुलाई तक भागवत कथा का आयोजन किया गया है। कथा प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगी। भक्तों को कथा का श्रवण प्रख्यात कथावाचक परम पूज्य शांति दूत धर्म रत्न पंडित देवकीनंदन ठाकुर कराएंगे।

कथा के प्रथम दिन भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद भागवत महात्म्य का वाचन होगा। अगले दिनों में भीष्म स्तुति, शुकदेव आगमन, ध्रुव चरित्र, प्रहलाद चरित्र और वामन अवतार जैसे अध्यायों पर प्रकाश डाला जाएगा। 11 जुलाई को श्रीकृष्ण जन्म उत्सव की धूम रहेगी और 12 जुलाई को माखन चोरी और छप्पन भोग का आनंद भक्त ले सकेंगे।

13 जुलाई को महारास और रुक्मिणी विवाह के प्रसंग सुनाए जाएंगे। कथा का विश्राम 14 जुलाई को सुदामा चरित्र के साथ होगा। इस आयोजन के प्रति भक्तों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। व्यास पूजन के साथ सात दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा। आयोजन समिति ने शहर के सभी धर्म प्रेमियों से इस पुण्य कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

अंतरराष्ट्रीय कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर महाराज सात जुलाई को शाम चार बजे माना विमानतल पहुंचेंगे। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडेरेशन के प्रदेश महामंत्री व प्रवक्ता राजकुमार राठी ने बताया कि फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल की अगुवाई में देवकीनंदन महाराज का ढोल–नगाड़ों के बीच विमानतल पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वीआइपी रोड स्थित राम मंदिर पहुंच प्रभु श्रीराम के दर्शन कर महाराज देवकीनंदन ठाकुर कथा स्थल के लिए रवाना होंगे।