रायपुर फैक्ट्री ब्लास्ट: 3 मौतों के मामले में फैक्ट्री मालिक समेत 4 के खिलाफ FIR
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्रीडी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री मालिकों समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस दर्दनाक हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य लोग भी घायल हुए थे।
रायपुर के डीसीपी मयंक गुर्जर ने गुरुवार को कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि घटना बेहद गंभीर और दुखद थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची थी और सभी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई थी।
डीसीपी ने बताया कि मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें फैक्ट्री के दो मालिक, फैक्ट्री मैनेजर और लेबर ठेकेदार शामिल हैं। सभी की भूमिका की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन जांच अभी जारी है। यदि विवेचना के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की लापरवाही या संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि उरला स्थित थ्रीडी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए इस विस्फोट ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस हादसे के कारणों, सुरक्षा मानकों के पालन और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।