रायपुर

पत्नी संग कथा श्रवण करने पहुंचे सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। राजधानी रायपुर के इंडोर स्टेडियम में 'अन्तर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, छत्तीसगढ़' और 'विश्व शान्ति सेवा चेरिटेबल ट्रस्ट' के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पावन श्रीमद् भागवत कथा में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ कथा सुनने पहुंचे।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कथा व्यास, परम पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज के मुखारविंद से अमृतमयी कथा श्रवण कर मन भक्ति-भाव से सराबोर हो गया। महाराज जी ने जीवन को सार्थक बनाने वाले जो भक्ति के दिव्य सूत्र दिए, वे वास्तव में हम सभी के लिए अनुकरणीय हैं। जीवन में परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, हमें अपनी साधुता (सरलता और सज्जनता) का त्याग कभी नहीं करना चाहिए।  कोई हमारे साथ कितना भी बुरा क्यों न करे, हमारी सोच कभी किसी का बुरा करने की नहीं होनी चाहिए। कर्म अपना फल स्वयं तय करता है।

कथा प्रसंग के दौरान पावन गिरिराज महाराज जी की परिक्रमा का अलौकिक लाभ भी मिला। इस भक्तिमय वातावरण में महाराज जी का मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जन-कल्याण की कामना की। श्रीमद् भागवत महापुराण की यह कथा हम सभी के जीवन में सकारात्मकता और सनातन धर्म के प्रति अटूट श्रद्धा का संचार करे, यही प्रार्थना है।