रायपुर में यातायात पुलिस और नगर निगम का बड़ा अभियान
2026-07-25 07:37 AM
25
रायपुर। राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पचपेड़ी नाका, पुजारी पार्क क्षेत्र और पंडरी स्थित कपड़ा मार्केट मंडी गेट के आसपास सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। कार्रवाई के बाद इन क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम हुई और वाहन चालकों व आम नागरिकों को बड़ी राहत मिली।
सीपी यातायात श्रीमती अर्चना झा के निर्देशानुसार पुलिस कमिश्नरेट रायपुर की यातायात शाखा और नगर निगम की संयुक्त टीम ने यह अभियान संचालित किया। शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सड़क किनारे किए जा रहे अतिक्रमण के कारण वाहन चालकों एवं पैदल यात्रियों को होने वाली परेशानियों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटियां और अस्थायी दुकानों को हटाया गया। कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा सड़क तक सामान फैलाकर रखा गया था, जिससे आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी हो रही थी। टीम ने ऐसे दुकानदारों को तत्काल सामान हटाने के निर्देश दिए और मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया।
पचपेड़ी नाका और पुजारी पार्क क्षेत्र शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल हैं, जहां बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। वहीं पंडरी कपड़ा मार्केट मंडी गेट क्षेत्र में भी व्यापारिक गतिविधियों के कारण अक्सर भीड़ और यातायात दबाव की स्थिति बनती है। सड़क किनारे अतिक्रमण होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी होती थी और कई बार जाम की स्थिति भी निर्मित हो जाती थी। संयुक्त अभियान के दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों और अतिक्रमण करने वाले लोगों को समझाइश दी कि सड़क और फुटपाथ आम जनता के उपयोग के लिए होते हैं। इन स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। अधिकारियों ने सभी संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी।
यातायात पुलिस और नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान यह सुनिश्चित किया कि आम नागरिकों, पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके। अधिकारियों ने कहा कि सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सभी व्यापारियों और नागरिकों का सहयोग जरूरी है। अभियान के बाद संबंधित क्षेत्रों में यातायात की स्थिति में सुधार देखने को मिला। स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया। लोगों ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाने चाहिए, जिससे सड़कें अतिक्रमण मुक्त रहें और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
डीसीपी यातायात श्रीमती अर्चना झा ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि बेहतर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आम जनता की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर और नगर निगम द्वारा भविष्य में भी इस तरह के संयुक्त अभियान जारी रखने की बात कही गई है। प्रशासन का उद्देश्य राजधानी में सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जाम मुक्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। लगातार कार्रवाई के माध्यम से शहर के प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित रखने और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।