रायपुर

छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज ने हटकेश्वर नाथ महादेव मंदिर में किया सहस्त्रधारा जलाभिषेक

रायपुर। छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दाऊ अनुराग अग्रवाल के नेतृत्व में रायपुर स्थित श्री हटकेश्वर नाथ महादेव घाट शिव मंदिर, सहस्त्रधारा में भगवान भोलेनाथ का भव्य सहस्त्रधारा जलाभिषेक श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं, कांवड़ियों एवं शिवभक्तों ने नदी से पवित्र जल लाकर कतारबद्ध होकर लगभग तीन घंटे तक भगवान हटकेश्वर नाथ महादेव का सामूहिक जलाभिषेक किया। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" एवं "बोल बम" के जयघोष से भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया।

इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य की शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं सर्वांगीण विकास के लिए भगवान भोलेनाथ से विशेष प्रार्थना की गई। वैदिक आचार्यों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन एवं रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया, जिसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर दाऊ अनुराग अग्रवाल ने कहा कि भगवान शिव की आराधना केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव, सेवा और लोककल्याण का संदेश भी देती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम का समापन महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, दूधाधारी मठ के महंत राजेश्री रामसुंदर दास, प्रसिद्ध कथावाचक राजीव लोचन महाराज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज से अजय दानी जी, उमेश अग्रवाल, रायपुर इकाई अध्यक्ष अमित अग्रवाल प्रतीक अग्रवाल, नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा अपेक्स बैंक अध्यक्ष केदार गुप्ता केश कला बोर्ड अध्यक्ष गौरीशंकर श्रीवास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।