दिव्य महाराष्ट्र मंडल

‘गीता फॉर यूथ’ से आध्यात्म की ओर बढ़ेगा युवाओं का रूझान

- महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति की पहली बैठक मंडल परिसर में संपन्न

- बैठक में तैयार की गई वर्ष भर होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण के बाद हुए आध्यात्मिक समिति की पहली बैठक में गीता फॉर यूथ नामक कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। आध्यात्मिक समिति के पदाधिकारियों का मानना है कि इस गीता फॉर यूथ कार्यक्रम के जरिए युवाओं को आध्यात्म की ओर ले जाया जा सकता है। महाराष्ट्र मंडल की कार्यकारिणी सदस्य व आध्यात्मिक, योग और स्वास्थ्य समिति की प्रमुख आस्था काले ने कहा कि गीता का पाठ हर आयु वर्ग को उनकी परेशानी से बाहर निकालने और मन को शांत करने में मदद करता है।

आस्था काले ने आगे बताया कि समिति की प्रथम बैठक मंडल परिसर में आयोजित की गई। बैठक में समिति के ओर से होने वाले वर्ष भर के कार्यक्रमों के रुपरेखा पर चर्चा की गई। जिसमें युवाओं को आध्यात्मिक आयोजनों से जोड़ने के लिए गीता फॉर यूथकार्यक्रम आयोजित करने पर सबकी सहमति बनी। जल्द ही इसकी तारीख की घोषणा की जाएगी।  

आध्यात्मिक समिति की समन्वयक सृष्टि दंडवते ने बताया कि महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक समिति साधना, सेवा, संस्कार और समर्पण की थीम पर कार्य करती है। आध्यात्मिक समिति का उद्देश्य सिर्फ पूजा पाठ नहीं बल्कि युवाओं को अध्यात्म की तरफ मोड़ना अच्छे संस्कार देना है। समिति की ओर से  प्रत्येक शनिवार को हनुमान चालीसा और रामरक्षा का पाठ सभी महिला केंद्रों और समिति के सदस्यों द्वारा किया जाताहै।  वहीं प्रत्येक एकदाशी पर ऑनलाइन मोड पर विष्णु सहस्त्रनाम पाठ भी होता है। इसके साथ ऑनलाइन मोड पर दासबोध, रामायण भागवत गीता भागवत अध्ययन और चर्चा आयोजित की जाती है।

दंडवते ने आगे बताया कि इसके साथ चैत्र नवरात्र के नौ दिन पौराणिक पात्रों  पर चर्चा, धार्मिक प्रश्नोत्तरी, गीता जयंती, रामनवमी, जन्माष्टमी, गुरु पूर्णिमा का आयोजन भी किया जाएगा। प्रत्क शनिवार और रविवार ऑनलाइन मोड पर संस्कार वर्ग का आयोजन होगा। संतों के प्रेरक व्याख्यान, आध्यात्मिक पुस्तकों का पुस्तकालय और मिट्टी के गणेश बनाना कार्यशाला व पार्थिव शिवलिंग का पूजन भी आयोजित होगा।

आध्यात्मिक समिति की महिला प्रमुख संध्या खंगन ने कहा कि प्रतिदिन सुबह कोई श्लोक, संतों के प्रेरणादायक संदेश वाट्सएप ग्रुप में साझा किया जाएगा। ताकि सुबह-सुबह सभासदों के मन में सकारात्मक भाव जागृत हो। इसके साथ महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित सभी कार्यक्रमों में सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई। मंडल के प्रकल्प सियान गुड़ी, फिजियोथैरेपी सेंटर, वाघोलीकर  मेडिकल इक्विपमेंट योजना सहित अन्य प्रकल्पों का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।  

बैठक में महाराष्ट्र मंडल कार्यकारिणी सदस्य आस्था काले, आध्यात्मिक समिति समन्वयक सृष्टि दंडवते, योगेश दंडवते, पंकज सराफ, श्रुति सराफ, अनुजा महाडिक, साक्षी परमानंद,  आनंद कुसरे, श्वेता कुसरे सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।