रायपुर

दिव्यांग महिलाओं के लिए पहला सावन तीज महोत्सव संपन्न

रायपुर। राजधानी रायपुर के वृंदावन हाल में शहर की दिव्यांग महिलाओं के लिए तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। आप्टे परिवार की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्रख्यात समाजसेवी डॉ. मौसमी घानेकर, महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू उपस्थित रहीं। अतिथियों एवं आयोजकों ने अपने हाथों से सभी प्रतिभागी और विजेता दिव्यांग बहनों को तीज का सुहाग पिटारा, आकर्षक उपहार एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किए।

पर्यावरण प्रेमी और पालीथिन फ्री रायपुर की ब्रांड एम्बेसडर शुभांगी आप्टे के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में इस भव्य तीज महोत्सव का सफल आयोजन किया गया।  शुभांगी आप्टे ने बताया कि छत्तीसगढ़ में दिव्यांग महिलाओं के लिए आयोजित सावन तीज महोत्सव अत्यंत भव्य, पावन और स्मरणीय रहा। यह महोत्सव केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि दिव्यांगता के प्रति समाज का नजरिया बदलने का एक महाअभियान सिद्ध हुआ। यह सावन तीज महोत्सव विशेष रूप से दृष्टिबाधित, कर्णबाधित, अस्थिबाधित एवं अन्य विशेष आवश्यकता वाली महिलाओं को समर्पित था।

शुभांगी आप्टे ने आगे बताया कि अस्थिबाधित बहनों की सुविधा का पूरा ध्यान रखते हुए आयोजन स्थल को पूरी तरह से बाधारहित और सुगम्य बनाया गया था। दृष्टिबाधित महिलाओं के लिए विशेष रूप से स्पर्श और ध्वनि आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सुंदर प्रबंध किया गया था। सुरक्षा, खान-पान और विश्राम के अत्यंत पुख्ता प्रबंध किए गए थे।  हरे-भरे परिधानों और पारंपरिक श्रृंगार में सजी दिव्यांग महिलाओं ने सावन के प्राकृतिक सौंदर्य को जीवंत कर दिया। मंच पर उन्होंने अपनी शारीरिक सीमाओं को लांघकर भावपूर्ण और ऊर्जावान प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान बिटिया अरुणिमा शर्मा द्वारा राष्ट्रगान और राज्य गीत की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस आयोजन में संजय आप्टे का विशेष व सराहनीय सहयोग रहा। प्रख्यात समाजसेवी डॉ. मौसमी घानेकर और महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

शुभांगी आप्टे ने कहा कि उदयभान सिंग का आशीर्वाद सभी को प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में पद्मश्री बुदरी ताती जी (बारसूर से) विशेष रूप से सम्मिलित हुईं। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू ने दिव्यांग बहनों का मनोबल बढ़ाया। महाराष्ट्र मंडल की बहनें, वनबंधु की बहनें, लाहोटी मित्र मंडल के सदस्य तथा बहुत बड़ी संख्या में मित्र परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन अरुणा यादव ने किया।