रायपुर

अग्रसेन महाविद्यालय की छात्राओं ने फौजी भाइयों के लिए बनाई राखियां

रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में  राखी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने पुलिस सेवा से जुड़े भाइयों के प्रति अपना प्रेम और स्नेह प्रकट करने के लिए अपने हाथों से आकर्षक राखियां तैयार कीं। इस प्रतियोगिता में कुल 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने कलात्मक राखियां बनाने के साथ-साथ पुलिस का हौसला बढ़ाने और लंबी उम्र के लिए भावुक संदेश भी लिखे।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के निर्देशक डॉ. वी. के. अग्रवाल ने छात्राओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि हमारे फौजी भाई घर-परिवार से दूर रहकर देश की रक्षा करते हैं। उनके प्रति सम्मान प्रकट करने का यह एक सराहनीय जरिया है। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना मजबूत होती है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यूलेंद्र राजपूत ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय संस्कृति में रक्षाबंधन के महत्व और सैनिकों के प्रति हमारे कर्तव्यों पर अपने विचार साझा किए।

छात्राओं के बीच आयोजित इस कड़ी प्रतियोगिता में निर्णायकों के मूल्यांकन के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई । प्रथम स्थान: समाजकार्य विभाग की प्रियंका अग्रवाल ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान: एम.ए. योगा विभाग की वर्षा यादव द्वितीय स्थान पर रहीं।

 प्रतियोगिता में निष्पक्ष निर्णय देने के लिए निर्णायक की भूमिका में कॉमर्स डिपार्टमेंट से रिदवाना हसन और पत्रकारिता विभाग से रितुलता तारक उपस्थित रहीं। उन्होंने राखियों की रचनात्मकता और संदेशों की गहराई के आधार पर विजेताओं का चयन किया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम प्रभारी एवं समाजकार्य विभाग की प्राध्यापिका रुक्मणी अग्रवाल द्वारा किया गया।

इस गरिमामयी अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने फौजी भाइयों के लिए भेजी जाने वाली इन राखियों और संदेशों की प्रशंसा की।