रायपुर

अग्रसेन महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पुरानी बस्ती थाने के पुलिस जवानों को बांधी राखियां

रायपुर। भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के पावन पर्व रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक सराहनीय और संवेदनशील पहल की। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने रायपुर के पुरानी बस्ती पुलिस स्टेशन पहुँचकर दिन-रात जनसेवा और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को राखियाँ बांधीं। त्योहार के मौके पर अपने घरों से दूर, कर्तव्य पथ पर डटे इन जवानों के लिए यह क्षण बेहद भावुक कर देने वाला रहा। राखी बंधवाते समय कई पुलिस कर्मियों की आँखें नम हो गईं और उन्होंने नम आँखों से छात्राओं के पैर छूकर उन्हें आशीर्वाद दिया व जीवन भर उनकी रक्षा करने का वचन दिया।

अग्रसेन महाविद्यालय द्वारा प्रतिवर्ष सामाजिक सरोकार के तहत इस गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी जब छात्राएं हाथ में पूजा की थाली, कुमकुम, अक्षत और रेशमी धागे लेकर थाने पहुँचीं, तो वहाँ का माहौल पूरी तरह से पारिवारिक और खुशनुमा हो गया। पुरानी बस्ती थाने के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और जवानों ने अत्यंत उत्साह के साथ कलाई पर रक्षा सूत्र बंधवाए। पुलिस कर्मियों ने कहा कि ड्यूटी की व्यस्तता के कारण वे अक्सर त्योहारों पर अपने घर नहीं जा पाते, लेकिन अग्रसेन महाविद्यालय की इन बहनों ने थाने आकर उन्हें घर की कमी महसूस नहीं होने दी।

महाविद्यालय के निर्देशक  डॉ. वीके अग्रवाल ने  कहा, हमारे विद्यार्थी केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों और संवेदनाओं को भी सीख रहे हैं। पुलिस जवान त्यौहारों के दिन भी हमारी सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहते हैं, उनके प्रति आभार व्यक्त करने का यह सबसे सुंदर तरीका है। महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल ने विद्यार्थियों के इस कदम को अनुकरणीय बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और आपसी विश्वास की भावना सुदृढ़ होती है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यूलेंद्र राजपूत ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए इस सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

इस  कार्यक्रम की मुख्य प्रभारी समाजकार्य विभाग की प्राध्यापक रुक्मणि अग्रवाल रहीं, जिनके कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इस पूरे आयोजन को संपन्न किया। इसके साथ ही, कार्यक्रम को सफल बनाने में पत्रकारिता विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. आकांक्षा दुबे और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रभारी डॉ. दीपिका अवधिया ने अपनी सक्रिय सहभागिता दी और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक छात्र-छात्राएं, एनएसएस के स्वयंसेवक और पुरानी बस्ती थाने के समस्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।