रायपुर

इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी की धूम, CM साय ने कहा संस्कृति और आस्था हमारी पहचान

रायपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर राजधानी रायपुर के टाटीबंध स्थित इस्कॉन रायपुर के श्री श्री राधा रासबिहारी जी मंदिर में भव्य जन्माष्टमी महा-महोत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए और भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने शंख अभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को धर्म, कर्तव्य और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से भगवान कृष्ण ने कर्मयोग का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरी मानवता का मार्गदर्शन करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं है, बल्कि उनके जीवन दर्शन और आदर्शों को अपनाने का अवसर भी है। भगवान कृष्ण ने अन्याय के खिलाफ खड़े होने, धर्म की रक्षा करने और समाज के कमजोर वर्गों के साथ खड़े रहने का संदेश दिया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया और पूरा परिसर हरे कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे महामंत्र से गूंज उठा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी भक्तों के साथ महामंत्र का घोष किया और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध प्रदेश है। यहां प्राचीन मंदिर, तीर्थ स्थल और आस्था केंद्र हमारी संस्कृति की पहचान हैं। सरकार प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को विकसित करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भोरमदेव मंदिर क्षेत्र को प्रसाद योजना के तहत विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं के विस्तार से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या अन्य कारणों से कोई श्रद्धालु तीर्थ दर्शन से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से श्रीरामलला दर्शन योजना और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना संचालित की जा रही है। उन्होंने बताया कि श्रीरामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक हजारों श्रद्धालु अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत वृद्धजनों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा का अवसर दिया जा रहा है।

इस्कॉन रायपुर में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव 3 से 5 सितंबर तक चल रहा है। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की आराधना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना कर रहे हैं। कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक पुरन्दर मिश्रा, इस्कॉन रायपुर के पदाधिकारी, संतजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।