विश्व पर्यटन दिवस पर छत्तीसगढ़ में होंगे खास आयोजन, 500 युवाओं को पर्यटन से जोड़ने का लक्ष्य
2026-09-09 09:09 AM
12
रायपुर – 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने रायपुर में प्रेस वार्ता कर कार्यक्रमों और पर्यटन क्षेत्र में दिए जाने वाले पुरस्कारों की जानकारी दी।
पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए इस बार 10 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं पर्यटन सेवाओं के डिजिटलीकरण की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया है। पर्यटन विभाग की नई वेबसाइट लॉन्च की गई है, जहां पर्यटकों को प्रदेश के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सेवाओं की जानकारी ऑनलाइन मिलेगी।
नीलू शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं.
पर्यटन के विस्तार से स्थानीय भोजन, हस्तशिल्प और उत्पादों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। पर्यटन बोर्ड ने करीब 500 स्थानीय युवाओं को पर्यटन आधारित रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।