तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू, रायपुर से विशेषज्ञों की टीम पहुंची
तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के लिए रायपुर से विशेषज्ञों एवं वन्यप्राणी चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञ दल के घटनास्थल पहुँचने के बाद परिस्थितियों का सावधानीपूर्वक आकलन किया गया और दोपहर 1ः42 बजे ट्रैंक्विलाइजर डार्ट की सहायता से तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक परीक्षण में तेंदुए की आयु लगभग 8 वर्ष आंकी गई है। वन्यप्राणी चिकित्सकों द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया गया। इसके बाद उसे आगामी उपचार एवं निगरानी के लिए भोरमदेव वन्यजीव अभयारण्य ले जाया गया है। पूर्णतः स्वस्थ पाए जाने पर उसे नियमानुसार सुरक्षित प्राकृतिक आवास में पुनः छोड़ा जाएगा।
वन विभाग ने इस सफल रेस्क्यू अभियान में ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए नागरिकों से अपील की है कि वन्यप्राणी दिखाई देने पर उसके निकट न जाएँ, भीड़ एकत्रित न करें तथा तत्काल वन विभाग या पुलिस विभाग को सूचना दें। वन विभाग मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।