रायपुर

योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की संतुलित कला है: कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला

रायपुर। ​पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर के मालवीय मिशन टीचर ट्रेनिंग सेंटर द्वारा आयोजित 6 दिवसीय शॉर्ट-टर्म प्रोग्राम "Rejuvenation and Holistic Well-being through Yoga" का औपचारिक उद्घाटन सोमवार को भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों से आए लगभग 30 सहायक प्राध्यापक (Assistant Professors) प्रतिभागी के रूप में हिस्सा ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एवं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सच्चिदानंद शुक्ला ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. शुक्ला ने योग के बहुआयामी महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "आधुनिक समय में मानसिक तनाव, भागदौड़ और अनियमित जीवनशैली के बीच योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं संतुलित कला है। शिक्षकों का मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि एक ऊर्जावान और तनावमुक्त शिक्षक ही समाज और युवाओं को सही दिशा प्रदान कर सकता है। योग के माध्यम से ही हम सर्वांगीण स्वास्थ्य (Holistic Health) और आंतरिक शांति प्राप्त कर सकते हैं।"

कार्यक्रम की शुरुआत में मालवीय मिशन टीचर्स ट्रेनिंग सेंटर की निदेशिका प्रो. प्रीति के. सुरेश ने स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। उन्होंने अतिथियों का आत्मीय अभिनंदन करते हुए MMTTC के विजन तथा योग के वैश्विक महत्व के विषय में विस्तृत जानकारी दी। प्रो. प्रीति के. सुरेश ने कहा कि "योग हमारे भारतीय ऋषियों की वह अनमोल देन है, जो मन, मस्तिष्क और शरीर में पूर्ण सामंजस्य स्थापित करती है। यह 6 दिवसीय आवासीय कार्यक्रम शिक्षकों के कायाकल्प (Rejuvenation) तथा दैनिक जीवन में योग पद्धतियों को आत्मसात करने का एक अनुपम अवसर है।"

कोर्स कोऑर्डिनेटर प्रो. राजीव चौधरी ने योग के महत्व तथा इस 6 दिवसीय अल्पकालिक पाठ्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने आगामी 6 दिनों में होने वाले सत्रों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि "इस कार्यक्रम में प्रतिदिन चार तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश भर के ख्यातिलब्ध योग विशेषज्ञ, चिकित्सक और विषय-विद्वान व्याख्यान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे। यह कार्यक्रम तनाव प्रबंधन, एकाग्रता में वृद्धि, योग के वैज्ञानिक आधार और दैनिक जीवन में योग के व्यावहारिक अनुप्रयोग पर पूरी तरह केंद्रित है।"

उद्घाटन समारोह के संपूर्ण मंच का गरिमामय एवं कुशल संचालन प्रो. बृजेन्द्र पाण्डेय द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन भी प्रो. बृजेन्द्र पाण्डेय (कोर्स कोऑर्डिनेटर, MMTTC) द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, समस्त मंचासीन अतिथियों एवं देश भर के विभिन्न प्रांतों से पधारे प्रतिभागी प्राध्यापकों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।