रायपुर

रायपुर की प्रीति बनी सॉफ्टबॉल इंडिया टीम की कोच.... भारतीय टीम के साथ चीन रवाना

रायपुर। राजधानी रायपुर निवासी प्रीति वर्मा को सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा 8वीं अंडर-15 वूमेन सॉफ्टबॉल एशिया कप में भाग लेने वाले भारतीय दल के कोच के रूप में चयनित किया गया है। यह प्रतियोगिता 12 से 17 अक्टूबर तक वेहाई चीन में आयोजित होगी। स्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रीति चीन के लिए रवाना हो गई। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते और पूरी कार्यकारिणी ने उन्हें शुभकामनाएं दी।

प्रीति वर्मा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है। वे राजकुमार कालेज के लैब टेक्नीशियन राजेंद्र प्रसाद वर्मा की पुत्री है। उन्होंने वर्ष 2018 में चीन में आयोजित एशियन यूनिवर्सिटी वूमेन सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व किया है। वह 36वें राष्ट्रीय खेल, गुजरात में कांस्य पदक प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ दल की खिलाड़ी रही है। प्रीति छत्तीसगढ़ जूनियर सॉफ्टबॉल टीम की कोच भी है। खेल विभाग द्वारा 29 अगस्त को राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह में वर्ष 2023-24 का मुख्यमंत्री ट्रॉफी पुरस्कार भी उन्हें प्रदान किया है।

प्रीति के पति राजेंद्र प्रसाद वर्मा ने बताया कि प्रीति वर्मा ने 12वीं तक की शिक्षा मायाराम सूरजन शासकीय विद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने प्रगति कॉलेज से शारीरिक शिक्षा में स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ-साथ प्रीति का रुझान खेलों की ओर रहा। उन्होंने मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को अपने जीवन का हिस्सा बनाया। आज वह सॉफ्टबॉल के क्षेत्र में बच्चों को प्रशिक्षण दे रही हैं और नई पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित कर रही हैं।

प्रीति वर्मा के लिए सबसे गर्व का क्षण तब आया, जब उन्हें भारतीय सॉफ्टबॉल टीम के कोच के रूप में जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिला। चीन में आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय टीम के साथ उनका जाना पूरे परिवार के लिए गर्व और खुशी की बात है। आज प्रीति बच्चों को शारीरिक प्रशिक्षण और सॉफ्टबॉल का अभ्यास कराकर उनके भविष्य को संवारने में जुटी हैं। उनका उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को खेल सिखाना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करना भी है।