रायपुर की प्रीति बनी सॉफ्टबॉल इंडिया टीम की कोच.... भारतीय टीम के साथ चीन रवाना
रायपुर। राजधानी रायपुर निवासी प्रीति वर्मा को सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा 8वीं अंडर-15 वूमेन सॉफ्टबॉल एशिया कप में भाग लेने वाले भारतीय दल के कोच के रूप में चयनित किया गया है। यह प्रतियोगिता 12 से 17 अक्टूबर तक वेहाई चीन में आयोजित होगी। स्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रीति चीन के लिए रवाना हो गई।
प्रीति वर्मा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है। वे राजकुमार कालेज के लैब टेक्नीशियन राजेंद्र प्रसाद वर्मा की पुत्री है। उन्होंने वर्ष 2018 में चीन में आयोजित एशियन यूनिवर्सिटी वूमेन सॉफ्टबॉल चैंपियनशिप में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व किया है। वह 36वें राष्ट्रीय खेल, गुजरात में कांस्य पदक प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ दल की खिलाड़ी रही है। प्रीति छत्तीसगढ़ जूनियर सॉफ्टबॉल टीम की कोच भी है। खेल विभाग द्वारा 29 अगस्त को राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह में वर्ष 2023-24 का मुख्यमंत्री ट्रॉफी पुरस्कार भी उन्हें प्रदान किया है।
भारतीय दल का प्रथम विशेष प्रशिक्षण शिविर 08 से 13 सितंबर तक संजीवनी यूनिवर्सिटी, कोपरगाँव, शिर्डी (महाराष्ट्र) में आयोजित किया गया था, जिसमें प्रीति वर्मा ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया है। भारतीय दल का दूसरा विशेष प्रशिक्षण शिविर अभी आयोजित होना है. प्रीति की इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश सॉफ्टबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारीयों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दिए हैं।