रायपुर

रायपुर में सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् शिविर’ का आयोजन, छह राज्यों के युवा होंगे शामिल

रायपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) संगठन द्वारा रायपुर में 17 से 23 नवंबर 2026 तक सात दिवसीय ‘वंदे मातरम् शिविर’ का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना, राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा नई पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों से परिचित कराना है।

इस सात दिवसीय शिविर में तेलंगाना, ओडिशा, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सहित छह राज्यों के युवा प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। शिविर के दौरान युवाओं के बौद्धिक विकास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत संबंधी महत्व से परिचित कराने के लिए प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों एवं संग्रहालयों का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाएगा।

शिविर में विभिन्न राज्यों के युवाओं की सहभागिता से सांस्कृतिक आदान-प्रदान के उद्देश्य से विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को देश के विभिन्न क्षेत्रों की लोक परंपराओं, कला और सांस्कृतिक विविधता को समझने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त भारत अभियान से जोड़ने के लिए भी विशेष गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

यह शिविर विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहां वे एक-दूसरे की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को समझने के साथ राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करेंगे। साथ ही, युवाओं में नागरिक कर्तव्यों, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। यह पहल विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।