वंदे मातरम् शिविरः सियान गुड़ी में सेवा और डिजिटल साक्षरता पर संवादात्मक सत्र
रायपुर। मेरा भारत रायपुर के तत्वावधान में 17 नवंबर से 23 नवंबर तक “वंदे मातरम् शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के अंतर्गत युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर के तीसरे दिन, 19 नवंबर को, कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम संपन्न हुए। 19 नवंबर को शिविर में विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों के लोकनृत्य, लोकगीत और पारंपरिक परिधानों के माध्यम से देश की विविधता में एकता को जीवंत किया।

इसी दिन, शिविर के प्रतिभागियों ने चौबे कॉलोनी, रायपुर में महाराष्ट्र मंडल के समीप स्थित सियान गुड़ी का भ्रमण किया। सियान गुड़ी वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह है। प्रतिभागियों ने वहां के बुज़ुर्गों और बालिकाओं से भेंट की, उनके साथ समय बिताया और संवाद किया।
