रायपुर

वंदे मातरम् शिविरः उद्यमिता पर संवाद, तुलसी विवाह और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

रायपुर। मेरा भारत रायपुर के तत्वावधान में 17 नवंबर से 23 नवंबर तक राजधानी में आयोजित वंदे भारत शिविर के अंतर्गतत 20 नवंबर को उद्यमिता पर संवाद, तुलसी विवाह, रंगोली प्रतियोगिता, राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्थानीय व्यंजन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसका देश के छह राज्यों से आए बच्चों ने खूब आनंद लिया।

मेरा भारत रायपुर के तत्वावधान में “वंदे मातरम् शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के अंतर्गत युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर के चौथे दिन, 20 नवंबर को, कई कार्यक्रम संपन्न हुए।

उद्यमिता पर संवाद के अंतर्गत नुक्कड़ कैफ़े के उद्यमी प्रियंक पटेल ने शिविर में युवाओं को उद्यमिता विषय पर संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को स्वयं का उद्यम शुरू करने के लिए प्रेरित किया। वहीं शाम को देवउठनी एकादशी होने के कारण युवाओं ने तुलसी विवाह का आयोजन किया। जिसमें सभी राज्यों के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

इस अवसर पर युवाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियाँ बनाईं। साथ ही विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं। प्रतिभागियों ने अपने-अपने राज्यों की कला और संस्कृति के माध्यम से देश की विविधता में एकता को जीवंत किया।  इसी दिन शिविर में विभिन्न राज्यों के स्थानीय व्यंजनों का एक खाद्य महोत्सव भी आयोजित किया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों ने विभिन्न राज्यों की खान-पान की विविधता से परिचय पाया। शिविर का समापन 23 नवंबर को होगा।