रायपुर के मास्टर प्लान में बड़ा बदलाव, जीई रोड 67 मीटर चौड़ी करने की तैयारी; 11 सड़कें दोबारा होंगी शामिल
2026-11-24 08:23 AM
48
रायपुर : राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक और शहरी विस्तार की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजना 2031 में सड़क नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण बदलाव प्रस्तावित किए गए हैं। नए संशोधन के तहत शहर की प्रमुख सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने के साथ उन मार्गों को भी दोबारा मास्टर प्लान में जगह देने की तैयारी है, जिन्हें पिछली विकास योजना से हटा दिया गया था। प्रस्तावित बदलावों के अनुसार एक्सप्रेस-वे की चौड़ाई 50 मीटर निर्धारित रहेगी। वहीं, जीई रोड के जिन हिस्सों की चौड़ाई घटाकर 30 से 37 मीटर कर दी गई थी, उन्हें अब 67 मीटर करने का प्रस्ताव है। शांति सरोवर से लाभांडी तक जाने वाले एमआर-33 मार्ग को भी 50 मीटर चौड़ा करने की अनुशंसा की गई है।
इसके अतिरिक्त शहर के 11 सड़क मार्गों को फिर से विकास योजना में शामिल करने की तैयारी है। कुल 23 मार्गों की चौड़ाई मास्टर प्लान 2021 के अनुरूप बहाल करने और 10 मार्गों के पुराने अलाइनमेंट को पुनः लागू करने की सिफारिश की गई है। इन बदलावों के माध्यम से राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित करने की योजना है।
रायपुर की विकास योजना 2021 का प्रकाशन 7 अप्रैल 2008 को किया गया था। इसके बाद योजना की समीक्षा करते हुए 24 जुलाई 2023 को विकास योजना 2031 प्रकाशित की गई। नई योजना में कई प्रस्तावित सड़कों को हटा दिया गया था, जबकि कुछ मार्गों की चौड़ाई और निर्धारित दिशा में परिवर्तन किया गया था। सड़कों से जुड़े इन बदलावों को लेकर शासन के पास बड़ी संख्या में आपत्तियां और सुझाव पहुंचे थे। इसके बाद 15 मार्च 2024 को नगर तथा ग्राम निवेश के संचालक की अध्यक्षता में एक जांच समिति गठित की गई।
समिति ने 170 से अधिक आवेदनों और सुझावों की विस्तृत समीक्षा की। परीक्षण के दौरान दोनों विकास योजनाओं की तुलना करने के साथ राजस्व दस्तावेजों, स्थल की वास्तविक परिस्थितियों, पूर्व में जारी विकास अनुमतियों और आने वाले वर्षों में यातायात की संभावित जरूरतों का अध्ययन किया गया। इसी आधार पर सड़क नेटवर्क में संशोधन की अनुशंसा तैयार की गई है।
एमआर-33 और एमआर-40 के पुराने अलाइनमेंट की वापसी
समिति की सिफारिशों में राजधानी के 10 सड़क मार्गों को विकास योजना 2021 में निर्धारित अलाइनमेंट के अनुसार बहाल करने का प्रस्ताव रखा गया है। इनमें एमआर-33 और एमआर-40 जैसे मार्ग भी शामिल हैं। शांति सरोवर से लाभांडी तक एमआर-33 की प्रस्तावित चौड़ाई 50 मीटर रखी गई है। इसके अलावा मास्टर प्लान से हटाए गए 11 मार्गों को पुनः शामिल करने तथा 23 सड़कों की पूर्व निर्धारित चौड़ाई को बहाल करने की अनुशंसा की गई है। शहर की प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों के नाम के साथ उनकी निर्धारित चौड़ाई का विवरण भी विकास योजना में दोबारा दर्ज करने का प्रस्ताव है। वर्ष 2023 में प्रकाशित योजना में कई स्थानों पर यह जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण विकास अनुज्ञा जारी करने की प्रक्रिया में विसंगतियां सामने आ रही थीं।
नागरिकों को दावा-आपत्ति के लिए मिलेगा 15 दिन का समय
मास्टर प्लान में प्रस्तावित सड़क संबंधी बदलावों पर आम नागरिकों को अपनी राय रखने का अवसर दिया गया है। छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 23-क के प्रावधानों के अंतर्गत दावा, आपत्ति और सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए 15 दिनों की अवधि निर्धारित की गई है। नागरिक प्रस्तावित संशोधनों से संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन संभागायुक्त कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय, संयुक्त संचालक नगर तथा ग्राम निवेश के क्षेत्रीय कार्यालय और नगर निगम आयुक्त कार्यालय में कर सकेंगे। सड़क नेटवर्क से संबंधित संशोधनों के अतिरिक्त हरित क्षेत्रों, जलाशयों और असंगत भूमि उपयोग को लेकर प्राप्त आपत्तियों की अलग से समीक्षा की जा रही है। इन विषयों पर परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल सड़कों की चौड़ाई और अलाइनमेंट से संबंधित बदलाव प्रस्तावित हैं। दावा-आपत्ति की निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद संशोधनों पर आगे की कार्रवाई होगी।