रायपुर

दृष्टिबाधित डा. श्रीराम मूर्ति चक्रधर सम्मान से सम्मानित

रायपुर। राजधानी रायपुर के कमला देवी संगीत महाविद्यालय के प्राध्यापक दृष्टिबाधित डा. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान से सम्मानित किया गया। डा. मूर्ति को यह सम्मान बीते दिनों छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री विष्णदेव साय ने प्रदान किया।

महाराष्ट्र मंडल के साहित्य समिति की समन्वयक कुमुद लाड ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर यह सम्मान डा श्रीराम मूर्ति प्राध्यापक कमला देवी संगीत महाविद्यालय को प्रदान किया गया। शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में दिया जाने वाला यह उत्कृष्ट सम्मान है।

लाड ने आगे बताया कि दृष्टिबाधित होने के बाद भी संगीत के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर  डाक्टरेट करना, वायलिन प्राध्यापक होने के बावजूद सभी वाद्य यंत्र बजाना, कंठ संगीत (vocal Music) के क्षेत्र में उत्कृष्ट विद्यार्थी तैयार करना यह उनकी विशेषता है। वे आकाशवाणी और दूरदर्शन के प्रसिद्ध कलाकार हैं। अनेक कठिनाइयों का सामना करके, विपरीत परिस्थितियों में आगे बढ़ने की प्रेरणा उनके कार्यो से सबको मिलती है।