हिंदी में ‘सेलिब्रेशन’ का जगह- जगह मंचन जरूरी: काले
2026-11-25 09:06 PM
116
0- टिकट के बावजूद मराठी नाटक ‘सेलिब्रेशन’ के सफलतम मंचन के बाद समीक्षा बैठक में हुई महत्वपूर्ण चर्चा
रायपुर। मराठी नाटक ‘सेलिब्रेशन’ के सफलतम मंचन ने यह साबित दिया कि आज भी नाट्यप्रेमी दर्शकों की कमी नहीं है। वे नाटक देखने के लिए टिकट लेकर भी सभागृह तक आने के लिए तैयार हैं, बशर्ते नाटक ‘सेलिब्रेशन’ की तरह दमदार कथानक वाला सम सामायिक, सामाजिक सरोकार से ओतप्रोत मनोरंजक हो। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने यह विचार ‘सेलिब्रेशन’ की समीक्षा बैठक में कहीं। बताते चलें कि कुछ हफ्ते पहले ही मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर प्रशांत दळवी लिखित दो अंकी मराठी नाटक ‘सेलिब्रेशन’ का जबर्दस्त मंचन हुआ।
‘सेलिब्रेशन’ के सफलतम मंचन की समीक्षा बैठक में काले ने कहा कि चार महीने की जी तोड़ रिहर्सल करने के बाद सिर्फ एक ही प्रयोग से हमें संतुष्ट होने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसके और भी दो-तीन प्रयोग के लिए हम सभी को प्रयास करना चाहिए। कोराना काल के बाद परिस्थितियों ने हमें रिश्तों के महत्व को नए सिरे से समझाया था। मैं उसी समय से एक ही बात कर रहा था कि हमें ‘सेलिब्रेशन’ का मंचन करना चाहिए। भले ही मेरा कहना चार साल बाद पूरा हो पाया, लेकिन मैं अभी भी चाहता हूं कि मराठी नाटक ‘सेलिब्रेशन’ का हिंदी वर्जन मंचित करने की दिशा में काम करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को यह सामाजिक सरोकार का यह नाटक मनोरंजन के साथ परिवार को एकजुट रखने की सीख भी दे सके।
मंडल के सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने कहा कि दो अंकी मराठी नाटक ‘सेलिब्रेशन’ के दो दिन पहले हुए ड्रेस रिहर्सल को देखने के बाद हम लोग फाइनल मंचन को लेकर सशंकित थे, लेकिन जिस आत्मविश्वास के साथ नाटक का मंचन किया, वो वास्तव में चमत्कारिक और असरदार था। इसके लिए आप सभी को बधाई। नाटक के हर कलाकार ने अपना शत-प्रतिशत दिया और मंच के पीछे की भूमिका और उसके पीछे की मेहनत भी मंचन के दौरान दिखाई दे रही थी। वरिष्ठतम रंगसाधक अनिल श्रीराम काळेले ने कहा कि ‘सेलिब्रेशन’ का मंचन अत्यंत उत्तम, सफलतम, प्रभावशाली रहा, जो समाज को वास्तविक अर्थों में परिवार और रिश्तों का अर्थ समझाने वाला नाटक साबित हुआ।
‘सेलिब्रेशन’ के निर्देशक प्रसन्न विजय निमोणकर ने कहा कि मैं हमेशा से ही कॉमेडी नाटकों में भूमिकाएं करने वाला कलावंत हूं और अनिल काळेले सर के आदेश पर पहली बार में दो अंकी इमोशनल नाटक ‘सेलिब्रेशन’ के निर्देशन की जिम्मेदारी ले लिया। उस पर मंच पर पहले सीन से आखिरी सीन तक की मौजूदगी वाले ‘भाई’ की केंद्रीय भूमिका भी परिस्थितिवश मुझे ही करनी पड़ी। ऐसी स्थिति में दो-दो कठिन जिम्मेदारियों का निवर्हन सिर्फ पूरी ‘सेलिब्रेशन’ की समर्पित टीम के सहयोग और भगवान नटरंग की कृपा से ही संभव हो पाया। मुझे खुशी और आत्मसंतुष्टि है कि अध्यक्ष अजय काले की अपेक्षाओं और अपने गुरु अनिल काळेले सर के मार्गदर्शन में एक बड़ी उपलिब्ध हासिल कर सका।
इस मौके पर ‘सेलिब्रेशन’ में मंच और नेपथ्य में अहम किरदार निभाने वाले अपर्णा काळेले, प्रिया बक्षी, पवन ओगले, गौरी क्षीरसागर, गणेशा जाधव पाटील, कीर्ति हिशीकर, कुंतल काळेले, अथर्व महावादी, रविंद्र ठेंगड़ी, वंदना निमोणकर, परितोष डोनगांवकर, वर्तिका क्षीरसागर, प्रवीण क्षीरसागर ने भी अपनी समीक्षाएं प्रस्तुत कीं। लगभग सभी ने इस नाटक की तालीम को जीवन का यादगार अनुभव कहा और नाटक के मंचन को अविस्मरणीय खुशी का पल। इस मौके पर पूरी ‘सेलिब्रेशन’ टीम का समाजसेवी पी. संतोष कुमार ने भगवत् गीता पुस्तक देकर सम्मान किया। समीक्षा बैठक का समापन सुस्वाद स्वल्पाहार से हुआ।