रायपुर

रौतिया समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का संरक्षण हमारी प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

 रायपुर : छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराएं और सामाजिक एकजुटता हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। रौतिया समाज ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, रीति-रिवाजों और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। हमारी सरकार समाज की इस गौरवशाली विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री  साय ने आज जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही। 

इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री घोषणा मद से 50-50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण कर समाज को एक करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।

महोत्सव में पहुंचने पर रौतिया समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री  साय का पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला से आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।

मुख्यमंत्री  साय ने सोहराई करमा महोत्सव एवं नवनिर्मित समाज भवन के लोकार्पण पर समाज के सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निर्मित यह भव्य सामाजिक भवन समाज की एकता, संगठन और रचनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रौतिया समाज ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हुए सनातन संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की एकजुटता और परंपराओं के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और नई पीढ़ी को आधुनिक अवसरों से जोड़ते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।