आधुनिक तकनीक के साथ चिकित्सक का मानवीय स्पर्श भी जरूरी - राज्यपाल डेका
रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता रोगों के निदान एवं उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन तकनीक चिकित्सक के अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और शारीरिक परीक्षण का विकल्प नहीं हो सकती। चिकित्सा सेवा में तकनीक के साथ मानवीय स्पर्श और रोगी के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी आवश्यक है।
राज्यपाल डेका ने आज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआर आईए), छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ अवसर पर उक्त बातें कही। इस अवसर पर एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, आइ आर आइ ए के अध्यक्ष डॉ पुष्पराज भटले, छत्तीसगढ़ चौप्टर के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र के. बूधे सहित वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित थे। राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।
अपने उद्बोधन में राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे का आविष्कार चिकित्सा विज्ञान में एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुआ। रेडियोलॉजी ने रोगों की पहचान और उपचार को नई दिशा दी है। आज यह क्षेत्र एक्स-रे से आगे बढ़कर अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और अन्य अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों तक पहुंच चुका है। इन तकनीकों ने चिकित्सा निदान को अधिक प्रभावी बनाया है।
डेका ने कहा कि चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक सर्जरी और आधुनिक उपकरण चिकित्सा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इनके पीछे मानव मस्तिष्क, कौशल और अनुभव की भूमिका सर्वाेपरि है। चिकित्सकों को तकनीक का उपयोग विवेक और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।