रायपुर

स्थानीय बोली-भाषा में शिक्षा से बच्चों की मौलिक प्रतिभा और व्यक्तित्व का होगा बेहतर विकास : वित्त मंत्री ओपी चौधरी

 रायपुर : वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि हमारी स्थानीय बोली-भाषाएं हमारी सांस्कृतिक समृद्धि और गौरवशाली विरासत की पहचान हैं। इनका संरक्षण, संवर्धन और मान बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा उनकी स्थानीय बोली-भाषा में होने से उनकी सीखने की क्षमता, बौद्धिक विकास, आत्मविश्वास और मौलिक प्रतिभा को बढ़ावा मिलता है। हमें अपनी भाषा और संस्कृति पर गर्व करते हुए आने वाली पीढ़ियों को इनसे जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

वित्त मंत्री चौधरी आज रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया के विभिन्न हिस्सों में निवासरत छत्तीसगढ़िया भाई-बहनों को राजभाषा दिवस की गाड़ा-गाड़ा बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव भी शामिल हुए।

इस अवसर पर वित्त मंत्री  चौधरी ने पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में सिक्किम की विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित समाचार पत्रों, बस्तरिया पत्र-पत्रिकाओं तथा छत्तीसगढ़ के समृद्ध साहित्य को देखने और समझने का अवसर मिला। समारोह में साहित्यकारों को सम्मानित किया गया तथा 14 लेखक-लेखिकाओं की पुस्तकों का विमोचन हुआ। श्री चौधरी ने सम्मानित साहित्यकारों और रचनाकारों को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ी भाषा एवं साहित्य के संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।