भूपेश कैबिनेट की आज अहम बैठक... मानसून सत्र के अलावा... नियमितिकरण पर चर्चा और निर्णय के आसार
2023-07-06 10:17 AM
413
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज गुरुवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। कैबिनेट की यह बैठक मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में 11 बजे शुरु होनी है। इस बैठक में विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सरकार की रणनीति, विधानसभा में विपक्ष के खिलाफ तैयारी सहित प्रदेश के अनियमित कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के आसार हैं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में संविदा और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी बीते कई सालों से नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जिसमें मंत्रालयीन कार्यों में शामिल कर्मचारी भी हैं। वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव भी अब नजदीक आ चुका है और सरकार के पास मानसून सत्र के बाद समय नहीं बच पाएगा। इस लिहाज से आज की बैठक में इन अनियमित कर्मियों को लेकर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
यहां पर गौर करने वाली बात यह है कि नियमितीकरण के मामले में डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने इशारों में इसका जवाब दिया है। डिप्टी सीएम ने यह कहा है कि फिलहाल सभी विभागों की नियमितीकरण के मामले में जानकारी मंगवाई गई है। इसके बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में निर्णय होने की संभावनाओं की ओर उन्होंने इशारा किया है।