प्रधानमंत्री का रायपुर प्रवास कल... सीएम बघेल ने उच्चाधिकारियों की ली बैठक... दिए यह निर्देश
2023-07-06 11:45 AM
390
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को एक दिवसीय प्रवास पर रायपुर पहुंच रहे हैं। प्रवास पर आने के दौरान वे निर्धारित समय तक ही रायपुर में रहेंगे, उसके बाद उत्तरप्रदेश के लिए रवाना हो जाएंगे, जिसके लिए बीते तीन दिनों से रायपुर में तैयारियों का दौर जारी है। पीएम मोदी के आगमन को लेकर प्रदेश भाजपा ने जहां राजधानी के सभी प्रवेश मार्ग पर बैनर, पोस्टर और तोरण लगाए हैं, तो वहीं राजधानी में पीएम मोदी की सभा को लेकर भी बड़े स्तर पर तैयारियां हो रहीं हैं।
इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रदेश उच्चाधिकारियों की एक जरुरी बैठक बुलाई थी। इस बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, डीजीपी अशोक जुनेजा के अलावा सीएम के प्रमुख सचिव सुब्रत साहू, रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल भी शामिल हुए।
बता दें कि प्रधानमंत्री पहले 9.40 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने वाले थे, जिसमें संशोधन किया गया है और अब वे 10.30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेगे, जिसके बाद हेलीकॉप्टर से साइंस कॉलेज मैदान आएंगे। यहां पर जनसभा को संबोधित करने के पश्चात वे उत्तरप्रदेश के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पीएम मोदी के प्रवास के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम को लेकर उच्चाधिकारियों की बैठक ली। पूरी जानकारी और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद उन्होंने उच्चाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं, ताकि पीएम मोदी आगमन से लेकर प्रस्थान के दौरान किसी तरह की दिक्कत का सामना ना करना पड़े।