ओम माथुर को छत्तीसगढ़ में दूसरी बड़ी जिम्मेदारी... गृहमंत्री शाह के दिल्ली लौटते ही जारी हुआ संगठात्मक आदेश
2023-07-07 05:21 PM
273
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व अब ज्यादा ही सक्रिय नजर आने लगा है। भाजपा के चाणक्य अमित शाह के दो दिवसीय प्रवास के बाद दिल्ली लौटते ही प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिम्मेदारी का पहला अध्याय लिख दिया गया है, जिसके तहत अब तक प्रदेश भाजपा प्रभारी की कमान संभाल रहे ओम माथुर को चुनाव प्रभारी का दायित्व भी सौंप दिया गया है।
वहीं विधानसभा चुनाव के लिए सहप्रभारी के तौर पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया का नाम तय किया गया है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे से दो दिन पहले यानी 5 जुलाई को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर पहुंचे। आते ही उन्होंने बैठकों का दौर शुरु किया, 6 जुलाई को लौटने से पहले तक उन्होंने भाजपा के सभी शीर्ष नेताओं से चर्चा की और स्पष्ट कह दिया कि जिनकी टिकट कटनी है, तो कटेगी।

जाने से पहले गृहमंत्री शाह ने आंतरिक सर्वे रिपोर्ट पर अपनी बात रखते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा 32 से 34 सीटों पर निश्चित ही जीत हासिल कर रही है, वहीं 13—14 सीटों पर जीत के करीब है। साथ ही अमित शाह ने कहा कि लड़ना है तो जीत के लिए लड़ो। जीतोगे तभी कुछ मिल पाएगा। वहीं मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल यह जरुरी पहलु नहीं है, इस पर विचार के लिए काफी समय है।