अलग-अलग विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर एक दर्जन लोगों से ठगे लाखों रुपये
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई विभागों में अभी बड़ी संख्या में भर्तियां चल रही है। खाद्य निरीक्षक, लेबर निरीक्षक, स्टाफ नर्सिंग सहित अन्य कई शासकीय विभागों के विभिन्न पदों में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक दर्जन से अधिक लोगों से ठगी करने वाले भूपेश सोनवानी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम माठ खरोरा निवासी सुरेंद्र कुमार वर्मा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि मंत्रालय में आपदा प्रबंधक के पद के लिए प्रार्थी के बेटे लोकेंद्र, रिश्तेदार बलराम वर्मा ने एम्स में नर्सिंग स्टाप के लिए आवेदन भरा था। कलेक्टोरेट गार्डन में प्रार्थी का परिचय एक मित्र के माध्यम से राजातालाब निवासी भूपेश कुमार सोनवानी से हुआ। इसके बाद भूपेश ने खुद की अधिकारियों से अच्छी सेटिंग की बात कह बेटे को नौकरी लगाने का झांसा दिया।
आरोपी ने पीड़ित से आपदा प्रबंधन की नौकरी के लिए 10.50 लाख, लेबर निरीक्षक के लए 8 लाख, खाद्य निरीक्षक के लिए पांच लाख, एम्स में नर्सिंग स्टाफ के लिए 4 लाख रुपये की मांग की। इस बीच प्रार्थी को पता चला कि आरोपी ने उसके साथ अन्य लोगों से करीब 70 लाख रुपये नौकरी लगाने के नाम पर लिए है। अपने साथ ठगी का एहसासा होने पर पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थाने में शिकायत दर्ज होते ही आरोपी अंडर ग्राउंड हो गया। जांच में जुटी पुलिस की विशेष टीम ने आरोपी के छिपने के सभी संभावित ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की और आरोपी को धरदबोचा। पूछताछ में आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया।