सप्ताहभर का सूखा हुआ खत्म... राजधानी में शुरु हुई जोरदार बरसात... फिलहाल उमस करेगा बेहाल
2023-07-15 02:14 PM 726
रायपुर। राजधानी रायपुर में आज दोपहर झमाझम बारिश की शुरुआत हुई। मानसून शुरु होने के साथ जिस बारिश की वजह से राजधानी सहित प्रदेशवासियों ने राहत की सांस ली थी, वह अचानक से नदारद हो गई थी और बीते सप्ताहभर से रायपुर में उमस और गर्मी से लोग हलाकान हो रहे थे। सप्ताहभर बाद यह सूखा खत्म होते शनिवार दोपहर नजर आया।
शुक्रवार शाम के बाद से ही मौसम बनना शुरु हो गया था। शाम के बाद जिस तरीके से उमस बढ़ी थी, उसे देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा था कि अब हर हाल में बारिश लौट आएगी। मौसम विभाग ने भी 15 या 16 जुलाई को राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश में बारिश की संभावना व्यक्त की थी, जिस पर शनिवार दोपहर मुहर लग गई है।
रायपुर में जिस तेजी के साथ बारिश की शुरुआत हुई है और जैसी बेचेनी महसूस की जा रही है, उसे देखते हुए आगामी दिनों में अच्छी बारिश के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में 16 जुलाई से वर्षा की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। जो बस्तर संभाग से शुरू होते हुए प्रदेश के बाकी हिस्सों में बढ़ेगी और पश्चिमी विक्षोभ से परिवर्तन आएगा।