‘टॉपर्स टॉक’ यूपीएससी टापर इशिता, सेकंड टापर गरिया और कनिका 21 को आ रही रायपुर
रायपुर। यूपीएससी परीक्षा क्रेक करने का सपना देखने वाले छत्तीसगढ़ के परीक्षार्थियों के लिए 21 जुलाई का दिन विशेष होने वाला है। छत्तीसगढ़ के प्रतिभागियों को इस दिन यूपीएससी की सिविल सर्विसेस परीक्षाओं के टॉपर्स से मिलने, बात करने का सुनहरा मौका मिलने वाला है। यूपीएससी 2022 सिविल सेवा परीक्षा की टॉपर इशिता किशोर, सेकेण्ड टॉपर गरिमा लोहिया और नौवाँ स्थान प्राप्त करने वाली कनिका गोयल रायपुर आ रहीं हैं। 17वीं रैंक पाने वाले अविनाश कुमार, छत्तीसगढ से सर्वोच्च रैंक पाने वाले अभिषेक चतुर्वेदी और 2021 की परीक्षा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित प्रखर चंद्राकर भी इन टॉपर्स के साथ होंगे।
कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर आईएएस, आईपीएस जैसे पदों पर चयनित होने की इच्छा रखने वाले परीक्षार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए 21 जुलाई को टॉपर्स टॉक आयोजित की जा रही है। दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में सुबह 10 बजे से होने वाली इस टॉपर्स टॉक में स्थानीय प्रतियोगियों को चयनित टॉपर्स से यूपीएससी क्रेक करने की टिप्स मिलेंगी। यूपीएससी की सिविल सर्विसेस परीक्षा को क्रेक करने के लिए पढ़ने के तरीके, पढ़ने का सिलेबस, समय प्रबंधन, दैनिक दिनचर्या से लेकर मनोरंजन, खाने पीने से लेकर अन्य सभी विषयों पर टॉपर्स के सुझाव स्थानीय प्रतिभागियों को मिलेंगे।