रायपुर

मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 2 अगस्त को.... दावा-आपत्ति के बाद 4 अक्टूबर को होगा अंतिम प्रकाशन

रायपुर। प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक है। ऐसे में निर्वाचन आयोग अपनी तैयारी में जुट गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने बताया कि 2 अगस्त को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। वहीं द्वितीय विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का काम भी 2 अगस्त से शुरू हो रहा है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने इस दिन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा राजधानी रायपुर में वॉकेथान का आयोजन किया जा रहा है। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रदेश केस इस बार कुल 24 हजार 109 मतदान केंद्र होंगे। इसमें से 204 केंद्र नये है। 2 अगस्त  को मतदाता सूची प्रकाशन के साथ 31 अगस्त पर इसमें दावा-आपत्ति दर्ज की जा सकती है। 22 सितंबर तक दावा-आपत्ति का निराकरण किया जाएगा। आयोग द्वारा 4 अक्टूबर को अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने शहर के युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों, तृतीय लिंग समुदाय के लोगों, समाज सेवी संस्थाओं तथा शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों सहित सभी नागरिकों से इसमें भाग लेने की अपील की है। वॉकेथान 2 अगस्त को सवेरे सात बजे जी.ई. रोड स्थित गांधी उद्यान चौक से शुरू होकर शहीद स्मारक भवन में समाप्त होगी।