रायपुर

छत्तीसगढ़ में तेजी से फैल रहा आई फ्लू..... बिलासपुर शहर में बेकाबू हुए मामले

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आई फ्लू तेजी से अपने पैर पसार रहा है। छत्तीसगढ़ में आईफ्लू के सबसे ज्यादा मरीज बिलासपुर संभाग में देखने को मिल रहेहै।  बिलासपुर शहर में फ्लू बेकाबू हो चुका है। बिलासपुर में बीते 12 घंटे के भीतर ही 500 से ज्यादा मरीज मिले हैं। लगातार फैल रहे संक्रमण को देखते हुए एक्सपर्ट ने मानसून में बच्चों का खास ध्यान रखने की सलाह दी है।

बिलासपुर के सरकारी अस्पतालों में फ्लू के 800 से ज्यादा मरीज पहुंच चुके हैं। जिन्हें आंख में तकलीफ के साथ वायरल की शिकायत थी। निजी अस्पतालों में भी लगातार मरीज बढ़ रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करने के साथ संक्रमित हो चुके लोगों को घर में रहने की सलाह दी है, जिससे संक्रमण की चेन को तोड़ते हुए इसे नियंत्रण में लाया जा सके।

शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रीकांत गिरी का कहना है कि बरसात का मौसम कई बीमारियां लेकर आता है। वायरल इंफेक्शन के साथ ही तरह-तरह के वायरस सक्रिय होते हैं. इस बार बच्चों के साथ ही बड़ों में आई फ्लू की समस्या आ रही है। इसमें ज्यादातर वायरस से होने वाली बीमारी है, जिसमें शरीर और हाथ- पैर में दर्द, आंख में दर्द, खुजली, चुभन और आंख का लाल हो जाना प्रमुख लक्षण है। यह तेजी से फैलने वाला संक्रमण है. ऐसे में किसी भी जगह को छूने और तौलिए का उपयोग करने से वायरस फैलता है. इसी तरह छींकने और खांसने से भी वायरस फैल रहा है।