10वीं-12वीं पूरक परिणाम घोषित.... 10वीं में 6,213 और 12वीं में 7,115 हुए पास
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं-12वीं पूरक परीक्षा वर्ष 2023 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया गया है। हाईस्कूल पूरक परीक्षा में 20.27 प्रतिशत परीक्षार्थी उतीर्ण बालिकाओं का प्रतिशत 22.26 तथा बालकों का प्रतिशत 18.49 रहा। वहीं हायर सेकण्डरी में 25.24 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे। जिसमें बालिकाओं का प्रतिशत 27.20 तथा बालकों का प्रतिशत 23.65 रहा।
हाईस्कूल सर्टिफिकेट पूरक परीक्षा वर्ष 2023 में कुल 31,563 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 30,664 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें से 16,228 बालक तथा 14,436 बालिकायें सम्मिलित हुई, जिनमें से 30,649 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। घोषित परीक्षा परिणाम में से उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की कुल संख्या 6,213 है अर्थात कुल 20.27 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुये उत्तीर्ण बालिकाओं का प्रतिशत 22.26 तथा बालकों का प्रतिशत 18.49 है।
सम्मिलित परीक्षार्थियों में प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 453 है. द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 4,958 है तथा तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण परीक्षार्थियों की संख्या 802 है। कुल 16 परीक्षार्थियों के परिणाम विभिन्न कारणों से रोके गये हैं। जिनमें 7 परीक्षार्थियों के परिणाम नकल प्रकरण के कारण रोके गये हैं तथा 9 परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम बाद में घोषित किये जायेंगे।