राहुल गांधी का 2 सितम्बर को छत्तीसगढ़ दौरा... फिर कांग्रेस इस तारीख को करेगी... प्रत्याशियों की पहली सूची का ऐलान
2023-08-19 04:34 PM
301
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो चुकी है, इस सच्चाई से इंकार नहीं किया जा सकता। इससे पहले तक हुए चुनावों में अंतिम समय तक प्रत्याशियों के नाम की घोषणा का इंतजार करना पड़ता था, लेकिन इस बार चुनाव की तारीख सामने आने से पहले ही प्रत्याशियों के नामों की घोषणा का सिलसिला शुरु हो गया है।
इस बार छत्तीसगढ़ में भाजपा ज्यादा ही जल्दबाजी में नजर आ रही है। इसका प्रमाण है कि प्रदेश में 21 विधानसभा सीटों पर नामों की घोषणा कर दी गई है, जिसमें प्रदेश की सबसे हॉट सीट पाटन विधानसभा भी शामिल है। यहां से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और भाजपा सांसद विजय बघेल के बीच कड़ी टक्कर नजर आएगी।
शनिवार को कांग्रेस भवन में शीर्ष पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। इस बैठक के समाप्त होते ही कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने मीडिया से चर्चा में बताया कि 6 सितंबर को कांग्रेस पहली सूची जारी करेगी। साथ ही 2 सितंबर को राहुल गांधी भी राजधानी आएंगे। यहां पर युवाओं के एक बड़े सम्मेलन में वो शामिल होंगे। युवाओं में राहुल गांधी को लेकर काफी डिमांड है। कुमारी सैलजा ने मीडिया से आगे कहा कि 8 सितंबर को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे भी राजनांदगांव में उनका संभावित दौरा है।