रायपुर

बोल बम का नारा लगा कांवड़ लेकर निकले सीएम बघेल... कांवड़ियों से पटा लाखेनगर से महादेव घाट

रायपुर। सावन सोमवार के साथ आज नागपंचमी का सुखद संयोग बना है। इस युगल संयोग की वजह से आज राजधानी रायपुर की सड़कों पर बोल बम के नारे गूंज रहे हैं, तो लाखेनगर चौक से लेकर महादेव घाट तक कांवड़ियों का जत्था नजर आ रहा है। 

आज के इस सुखद संयोग पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी सोमवार को गुढ़ियारी के मारूति मंगलम भवन से प्रारंभ होने वाली विशाल कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिवलिंग की पूजा कर भगवान भोलेनाथ से प्रदेश की जनता की सुख-समृद्धि की कामना की। इस पूजा में बस्तर लोकसभा सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष प्रमोद दुबे सहित भक्तजन और नागरिक उपस्थित थे।

जगह—जगह लगा स्टॉल
पैदल निकले कांवड़ियों के लिए जगह—जगह शिवभक्तों ने पंडाल लगा रखा है, जहां कांवड़ियों को पानी पिलाया जा रहा है, उनके लिए फलाहार की व्यवस्था की गई है, जूस और शरबत देकर उनकी यात्रा को आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।