मौसम विभाग ने दी चेतावनी.... छत्तीसगढ़ में आज फिर हो सकती है जमकर बारिश
रायपुर । छत्तीसगढ़ में बीते दो दिनों से जमकर बारिश हो रही है। बारिश के चलते राजधानी के कई स्थानों पर नालियों के पानी सड़कों पर आ गया है। प्रदेश की प्रमुख नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने आज रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर, रायगढ़, गरियाबंद, धमतरी और महासमुंद जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी बारिश होन की चेतावनी दी है। विभाग ने विभिन्न क्षेत्रों के लिए आरेंज व यलो अलर्ट भी जारी कर दिया है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ही बिजली भी गिरेगी। तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा,लेकिन तीन दिनों के बाद तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी। गुरुवार को भी सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए रहे और दोपहर बादा मौसम का मिजाज बदला तथा तेज बारिश हुई।
बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश के चलते अब जलस्तर भी थोड़ा बढ़ने लगा है और प्रदेश में बारिश की स्थिति में सुधार हुआ है। रायपुर का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियसदर्ज किया गया,जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। प्रदेश भर में अभी तक की स्थिति में 820 मिमी से ज्यादा वर्षा हो चुकी है।