रायपुर

हजारों नर्तक-नर्तकियों ने एक साथ दी करमा, सुआ और शैला प्रस्तुति

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सीतापुर के स्टेडियम ग्राउंड पर करमा महोत्सव का समापन किया गया। इस मौके पर स्टेडियम में हजारों की संख्या में जिले व संभाग से आए नर्तक-नर्तकियों ने 8 गोलों में खड़े होकर एक ही धुन पर एक जैसे कदमताल के साथ करमा, सुआ और शैला की प्रस्तुति दी. देखने वाले अचंभित होकर इन कलाकारों की जुगलबंदी को बस देखते रह गए।

इस जिला स्तरीय करमा महोत्सव की शुरुआत 2 अक्टूबर से की गई थी। इसमें स्थानीय कलाकारों ने अलग-अलग लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। जबकि समापन कार्यक्रम बेहद खास रहा. इसमें हजारों की संख्या में नर्तकियों और नर्तकों ने पूरे ग्राउंड में अलग-अलग 8 लेयर के गोलों में खड़े होकर नृत्य किया। मांदर की थाप पर परंपरागत वेशभूषा में लोकनृत्यों की मनोहारी प्रस्तुति हुई। करमा, सुआ और शैला नृत्य विधाओं में कलाकारों ने प्रस्तुतियां दी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भगत ने विजेता टीमों को पुरस्कार का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस आयोजन की शुरुआत हुई है। सरगुजा आदिवासी बहुल क्षेत्र है और यहां की संस्कृति देशभर में प्रसिद्ध है.  ऐसे आयोजनों से लोग एक-दूसरे से जुड़ते हैं और लोगों के बीच स्नेह और प्यार बना रहता है।