सर्द हवाओं ने छत्तीसगढ़ में बढ़ाई ठंड... राजधानी में 18 डिग्री पहुंचा रात का पारा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में उत्तरी ठंडी और शुष्क हवाओं के प्रभाव से अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक गिरावट होने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से ही प्रदेश में उत्तर की ओर से सर्द हवाओं का आगमन शुरू हो गया है। शहर के आउटर में सुबह का कोहरे का असर दिखने लगा है।
सोमवार को राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया। इसके असर से उत्तरी छत्तीसगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में सुबह के समय कोहरा छाए रहने के आसार हैं। वहीं, मध्य छत्तीसगढ़ भी सर्द हवाओं की वजह से कोहरा व तापमान गिरने की संभावना है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते दिन प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस तिल्दा में, जबकि न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस कोरिया में दर्ज किया गया। इसके अलावा राजधानी सहित प्रदेशभर के कई स्थानों पर अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य छह डिग्री तक अधिक रहा।