रायपुर

समृध्दि ज्वेलर्स अम्लेश्वर में डकैती कांड के मुख्य आरोपी को हथियार के दम पर अस्पताल से छुड़ा ले गए साथी

रायपुर। राजधानी से लगे अम्लेश्वर में ज्वेलरी दुकान में डकैती और हत्या के मामले में जेल में बंद अपराधी दुर्ग के जिला अस्पताल से फरार हो गया। जेल से इलाज के लिए लाए गए आरोपी को छुड़ाने के लिए दो बदमाश हथियार लेकर अस्पताल के अंदर घुसे और जवानों को धमकाते हुए मौके से निकल भागे। अपराधी का नाम अनुपम कुमार झा है और वह जिला वैशाली बिहार का रहने वाला है। इस मामले में पुलिस में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा था।

यह वारदात बीती रात साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। दुर्ग जिला जेल में बंद आरोपी अनुपम कुमार झा को जिला अस्पताल लाया गया था। इस दौरान नकाबपोश दो बदमाश हथियार लेकर अस्पताल पहुंचे। यहां कैदी की सुरक्षा में तैनात जवानों को डरा-धमका कर आरोपी को बदमाश अपने साथ ले गए। जिस तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया, उससे यह साफ नजर आ रहा है कि कैदी अनुपम झा को छुड़ाने के लिए बाकायदा योजना बनाई गई और उसे बीमार बताकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से अनुपम को उसके साथी छुड़ा कर ले गए।

पुलिस के मुताबिक अस्पताल में भर्ती अनुपम के अटेंडर के रूप में एक युवक मौजूद था, जिसे अनुपम का भतीजा बताया गया था। उसके अलावा एक अन्य युवक यहां पहुंचा और दोनों मिलाकर अनुपम को छुड़ाकर ले गए। फ़िलहाल CCTV फुटेज से पता लगाया जा रहा है कि अनुपम को छुड़ाने कितने लोग आये और किस वाहन में आये थे।

आरोपियों ने जिस वक्त वारदात को अंजाम दिया उस वक्त अस्पताल में अन्य मरीज और डॉक्टर भी मौजूद थे। घटना के दौरान अस्पताल में अफरातफरी मच गई। आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह नाकेबंदी कर तलाश की जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की पहुंच से बाहर है। इस वारदात को ऐसे समय में अंजाम दिया गया जब पुलिस और सुरक्षा बल चुनाव करने में व्यस्त हैं। हालांकि वर्तमान में चारों तरफ नाकेबंदी है, मगर यह व्यवस्था केवल वाहनों की चेकिंग के लिए है।