घनन-घनन घिर आए बदरा... की प्रस्तुति से बच्चों ने किया मंत्रमुग्ध
रायपुर। नौनिहालों ने जब स्टेज पर पहुंचकर ‘घनन-घनन घिर आए बदरा...’ की प्रस्तुति दी तो दर्शक के साथ अभिभावकगण भाव विभोर हो गए। इस बीच युवा विधायक और छत्तीसगढ़ी फिल्म अभिनेता पद्मश्री अनुज शर्मा ने बच्चों का खूब उत्साहवर्धन किया। मौका था ट्रेजर हंट (खजाने की खोज) थीम पर आयोजित द रेडियंट-वे स्कूल के 35वें वार्षिकोत्सव का।

कार्यक्रम के शुरू में ही चौथी के बच्चों ने 'ये कौन चित्रकार है', 'ख्वाबों के परिंदे', 'मैं तैयार हूँ' की संगीतमय प्रस्तुति से खुशनुमा माहौल बना दिया। तीसरी के बच्चों की भी 'संस्कार है संस्कार', 'अपनी तो पाठशाला', इन्स्टुमेन्टल पल में तथा नियम हो की मनमोहक प्रस्तुति रही। पीपी-वन के नौनिहालों ने वर्ड चिरपिंग, बन के तितली दिल उड़ा, बर्ड एक्ट, आओ हम सब साथ मिलाये, ये दिल लाया की ऐसी प्रस्तुति दी कि तालियों की गड़गड़ाहट रुकने का नाम नहीं ले रही थीं। पांचवीं के बच्चों ने फायर इन्ट्रोडक्शन, अग्नि मंत्र, वरुण मंत्र, शांति मंत्र, मृत्युजंय मंत्र की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुनील सोनी सांसद ने दसवीं व बाहरवीं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में आत्मशक्ति व आत्मसाहस को सफलता का खजाना बताया। अपने अपरिमित शक्तियों को पहचानने हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया।
पद्मश्री अनुज शर्मा, विधायक धरसींवा ने बच्चों को मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम दिए संदेश की प्रशंसा की और इसे अपने जीवन में अमल करने की सलाह दी। साथ ही विद्यालय परिवार को बधाई दीं। स्कूल के संचालक समीर दुबे ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। प्राचार्य भावना दुबे ने वार्षिक प्रतिवेदन से स्कूल के कार्यों, प्रयासों एवं उपलब्ध्यिों की जानकारी दी।