डायटिशन आस्था काले बोली... भीषण गर्मी में समोसा, कचौरी को कहे ना बाबा ना... करें सात्विक भोजन
रायपुर। समोसा, कचौरी, पकौड़े, जलेबी.... की बात हो तो मुंह में पानी आना स्वाभाविक है, लेकिन बेहतर होगा कि भीषण गर्मी के बीच ऐसे ही तले-भुने, गर्म मसाले वाले खाद्य पदार्थों से बचा जाए। फिलहाल मांसाहार के बारे में तो सोचें ही ना। लगातार शरीर से निकल रहे पसीने के बीच गर्म मौसम में ये खाद्य पदार्थ आपके शरीर की गर्मी को और बढ़ा देते हैं। डायटिशन और महाराष्ट्र मंडल की आध्यात्मिक और योग समिति की समन्वयक आस्था काले ने इस आशय के विचार व्यक्त किए।
आस्था के कहा कि जंक फूड, चिप्स, पिज्जा, बर्गर, कोल्ड डिंक्स (सोडा), कैफ़ीन युक्त पेय पदार्थ से भी जितनी दूरी बनाई जाए, उतना ही बेहतर। उन्होंने कहा कि सुबह सवेरे वर्कआउट, योग या जिम जाने से पहले पर्याप्त पानी जरूर पीयें। यदि आप नींबू पानी-नमक-शहद अथवा छाछ या नारियल पानी पीते हैं, तो भी बेहतर। वर्कआउट के बाद प्रोटीन के रूप में मूंग दाल, सत्तू, मूंग मोठ अंकुरित, दही और फल फायदेमंद है। भोजन में कार्बोहाइड्रेट के रूप में गेंहू-चना रोटी, सब्जी और सलाद से आप सेहतमंद रह सकते हैं।
उन्होंने कहा कि घर में बने ताजा और पौष्टिक सात्विक आहार से भीषण गर्मी का सामना आसानी से कर सकते हैं। बासी खाना, फ्रिज में रखे भोजन या बाहर होटल- फुटपाथ पर चटपटे खाने से बचें। आस्था ने जोर देकर कहा कि हम घर में रहें या बाहर आफिस- दौरे पर, किसी भी दशा में हम भूखे न रहें। सुबह छह से आठ बजे तक हमारा नाश्ता हो जाए। तेज धूप व लू के थपेड़ों से जूझते हुए आप जहां भी पहुंचते हैं, तो फ्रिज के पानी की मांग कभी न करें। बल्कि कोशिश करें कि पानी सादा हो या मटके का।
बतौर डायटिशियन आस्था ने समझाया कि आमतौर पर महिलाएं पानी पीने में कोताही बरतती हैं। कम से कम गर्मी में पानी पीने में कंजूसी न करें। ग्रीष्मकाल में शरीर में पानी की कमी से हीटस्ट्रोक की आशंका काफी बढ़ जाती है। थकान, चक्कर आना जैसी शिकायतें तो आम होती हैं। ऐसी में आपके शरीर को पर्याप्त पानी मिलना ही चाहिए और इसकी जिम्मेदारी आपकी ही है।
बच्चों- युवाओं के लिए डायट चार्ज:-
सुबह 06:00 सादा पानी, नींबू-नमक पानी
सुबह 08:00 नाश्ता - पोहा, उपमा, दलिया, चीला, दूध-मिश्री-इलायची-सौंफ-बादाम शरबत, शिकंजी, लस्सी
अपरान्ह 11:00 फल- मौसमी फल जैसे आम, खरबूजा, तरबूज, अंगूर, सेव, छाछ पेय पदार्थ
दोपहर 01:00 लंच- दाल, चावल, रोटी, सब्जी, सलाद, दही, छाछ, रायता।
शाम 05:00 शर्बत, फलों की चाट, स्प्राउट्स, भेल, मखाना, चिवड़ा मूंगफली, किशमिश-अंजीर सेंडविच
रात 08:00 डिनर - रोटी, सब्जी, चावल, खिचड़ी, कढ़ी, दलिया
रात 09:30 गुनगुना दूध (गुलकंद)