संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के समर कैंप में फन विथ एजुकेशन
- 10 दिवसीय समर कैंप का प्राचार्य मनीष गोवर्घन ने किया शुभारंभ
- रविवार 19 अप्रैल को भी जारी रहेगा समर कैंप, पंजीयन भी होगा

रायपुर। महाराष्ट्र मंडल द्वारा संचालित संत ज्ञानेश्वर विद्यालय में बच्चों की गर्मियों की छुट्टियों के उत्साह दो दोगुना करने शनिवार 18 अप्रैल से 10 दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कैंप का शुभारंभर विद्यालय के प्राचार्य मनीष गोवर्धन और उपप्राचार्य राहुल वोडितेलवार ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना और संत ज्ञानेश्वर महाराज को माल्यार्पण के साथ किया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ उनके शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक गुणों का सर्वांगीण विकास करना है।

समर कैंप के पहले दिन बच्चों औऱ पालकों में काफी उत्साह देखा गया। वर्तमान समय को देखते हुए कैंप में योग और ध्यान के साथ वैदिक गणित, आर्ट एंड क्राफ्ट, ड्राइंग एंड पेंटिंग, जुंबा डांस, गीत- संगीत, स्पोकन इंग्लिश, स्पोर्ट्स एंड गेम्स और फायरलैस कुकिंग के लिए 40 से अधिक बच्चों ने अपना पंजीयन कराया।

प्राचार्य मनीष गोवर्धन ने कहा कि संत ज्ञानेश्वर विद्यालय शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार भी पोषित करता है। योग और ध्यान के माध्यम से हम जहां बच्चों को आध्यात्म से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं, वहीं जुंबा, डांस, गीत संगीत, स्पोकन इंग्लिश आज के समय की मांग है। एकल परिवार के बीच रह रहे बच्चों के लिए फायरलैस कुकिंग भी अनिवार्य है। ताकि जरूरत पड़ने पर बच्चा घर पर अपने खाने के लिए कुछ तैयार कर सके।

स्कूल के उपप्राचार्य राहुल वोड़ितेलवार ने कहा कि समर कैंप का आयोजन इसिलए किया जाता है कि बच्चे गर्मी की छुट्टियों का सदुपयोग कर सके। इस समर कैंप में विद्यालय के बच्चों के साथ अन्य स्कूलों और आसपास के स्कूलों के बच्चे भी शामिल हो रहे है। पहले दिन कैंप शुरु होने के पहले सिर्फ 15 बच्चों का पंजीयन था, लेकिन मौके पर ही 25 और बच्चों ने तत्काल पंजीयन कराया। 10 बजे से बाद पहुंचे बहुत से अभिभावकों ने कैंप की जानकारी ली। रविवार 19 अप्रैल को भी कैंप जारी रहेगा।